भारतीय सेना ने बोफोर्स से गोले दागे

पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। शनिवार सुबह पाक रेंजर्स ने पुंछ जिले में गोलाबारी की। इस दौरान सीमा पार से भारत की अग्रिम चौकियों और गांवों को मोर्टार से निशाना बनाया। दूसरी ओर, भारतीय सेना भी बोफोर्स से गोले दागकर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है। इससे पहले सेना ने शुक्रवार को एलओसी के पास सक्रिय कई आतंकी लॉन्च पैड तबाह किए थे। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से सुबह 9.50 बजे किरनी सेक्टर में गोलाबारी की गई। इसके बाद 10.30 बजे पुंछ के मेंढर सेक्टर में मोर्टार दागे गए। इसमें एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, कई अन्य घरों को भी नुकसान पहुंचा है। भारतीय सेना भी तोप से गोले दाग रही है। दोनों ओर से जारी फायरिंग के बीच एलओसी में रहने वाले लोगों में दशहत है। उन्हें घरों में रहने की हिदायत दी गई है।


सेना ने पाकिस्तान के इलाके में टारगेटेड आर्टिलरी फायर किया था। इसमें 105 एमएम फील्ड गन और बोफोर्स का इस्तेमाल किया गया था। यह कार्रवाई पाकिस्तान की ओर से फायरिंग के बाद शुरू हुई थी। पाकिस्तान सेना ने कुपवाड़ा में एलओसी से सटे भारतीय गांवों में रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाकर फायर किया था। इससे गांवों में अफरातफरी मच गई थी।